
शिवसागर: असम में आई भीषण बाढ़ के एक महीने बाद भी कई प्रभावित परिवारों की जिंदगी सामान्य नहीं हो पाई है। शिवसागर जिले में बाढ़ पीड़ित लोग अभी भी अपने घरों को लौटने और उजड़े जीवन को दोबारा बसाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
बाढ़ ने कई परिवारों के घर, जरूरी सामान और अनाज के भंडार को पूरी तरह नुकसान पहुंचाया है। कई इलाकों में अब भी पानी जमा है, जबकि कुछ जगहों पर पानी उतरने के बाद बड़ी मात्रा में गाद और कीचड़ जमा हो गया है। लोग अपने घरों की सफाई कर उन्हें रहने लायक बनाने में जुटे हैं।
पीड़ितों ने बताया कि बाढ़ के तेज बहाव में उनका सालों की मेहनत से जमा किया गया अनाज और घरेलू सामान बर्बाद हो गया। कई परिवारों के पास रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है और वे किराए के कमरों में रहने को मजबूर हैं।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पानी तेजी से बढ़ने के कारण उनका 20 क्विंटल अनाज और घर का पूरा सामान नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती घरों की मरम्मत, कीचड़ साफ करना और जरूरी सामान दोबारा जुटाना है।
प्रशासन की ओर से कई इलाकों में राहत कार्य जारी हैं, लेकिन बाढ़ प्रभावित परिवारों के सामने जीवन को फिर से खड़ा करने की बड़ी चुनौती बनी हुई है।









