
लखनऊ: यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव 2026 का शुभारंभ हो गया है। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाओं और उत्तर प्रदेश में बदलते कारोबारी माहौल को लेकर अपनी बात रखी। सीएम योगी ने कहा कि भदोही की कालीन और वाराणसी का सिल्क देश-दुनिया में मशहूर है। वहीं लखनऊ की चिकनकारी भी अपनी अलग पहचान रखती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर में काफी संभावनाएं हैं। प्रदेश के पास देश का सबसे बड़ा बाजार है, ऐसे में टेक्सटाइल उद्योग के विकास के लिए यहां व्यापक अवसर मौजूद हैं।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया था और पेशेवर गुंडे अपनी व्यवस्था चलाते थे। उस दौर में लोगों के बीच पहचान का संकट था। सीएम ने दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश में हर दिन एक दंगा होता था।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय इंडस्ट्री फ्रेंडली पॉलिसी नहीं थी और प्रदेश में फैक्ट्री लगाने की कल्पना तक नहीं की जाती थी। व्यापारी सुरक्षित नहीं था तो फैक्ट्री कैसे सुरक्षित रहती। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न दंगा है और न उपद्रव। उन्होंने कहा कि आज यूपी दंगामुक्त, माफियामुक्त और कर्फ्यूमुक्त है। अब कोई माफिया जीप में घूमकर पिस्तौल नहीं लहरा सकता।









