
सीतापुर: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SOG और रामकोट पुलिस ने अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 7 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 कुंतल गांजा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्कर गांजे की खेप सोनभद्र से बरेली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामकोट थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों के पास से गांजे के अलावा एक कार और एक DCM वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इनके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। SOG और रामकोट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









