
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा में अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने चिता से लकड़ियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
घटना गजरौला थाना क्षेत्र के तिगरी गंगा धाम की बताई जा रही है। यहां एक अंतिम संस्कार के लिए लोग पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
बता दे कि मारपीट के दौरान कई लोग डंडों और चिता की लकड़ियों से हमला करते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर लकड़ियों और डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। अंतिम संस्कार स्थल पर हुए इस हंगामे के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर विवाद में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









