
कानपुर देहात में फर्जी BSA अधिकारी बनकर स्कूल पहुंचने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शोभित द्विवेदी के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अधिकारी बनकर स्कूलों में पहुंचता था और स्कूल की मान्यता चेक करने के नाम पर प्रधानाध्यापकों और प्रधानाध्यापिकाओं से दस्तावेज मांगता था।
बता दे कि मामला R.P.S. मॉडर्न पब्लिक स्कूल नबीपुर से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी स्कूल में फर्जी BSA अधिकारी बनकर पहुंचा। उसने स्कूल की मान्यता चेक करने की बात कही और प्रधानाध्यापिका से दस्तावेज मांगे। इसी दौरान आरोपी की नजर मेज की रैक में रखे रुपये पर पड़ी।
वही आरोप है कि शोभित द्विवेदी मेज की रैक से 25,500 रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शोभित द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके द्वारा इसी तरह किसी अन्य स्कूल में फर्जी अधिकारी बनकर पहुंचने या किसी अन्य घटना को अंजाम देने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फर्जी अधिकारी बनकर स्कूलों में पहुंचने की घटना ने स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा और दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।









