
दिल्ली : राजधानी दिल्ली में विदेशियों से ठगी के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरिनगर और कीर्ति नगर इलाके में तीन कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है।
तीन कॉल सेंटरों पर हुई छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने हरिनगर और कीर्ति नगर क्षेत्र में संचालित तीन कॉल सेंटरों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इन कॉल सेंटरों से विदेशों में रहने वाले लोगों के साथ कथित तौर पर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
27 लैपटॉप और 28 मोबाइल फोन बरामद
बता दे कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 लैपटॉप और 28 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से 2 गाड़ियां और 80 हजार रुपये कैश भी बरामद किया गया है। पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामान की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कॉल सेंटरों के जरिए कितने लोगों को कथित तौर पर निशाना बनाया गया और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
विदेशियों से ठगी का आरोप
वही पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों पर विदेशियों से ठगी करने का आरोप है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ कॉल सेंटरों के संचालन और कथित ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों इलाकों में संचालित इन कॉल सेंटरों को लेकर जांच तेज कर दी गई है।









