दिल्ली: JNU में छात्रा से दोस्ती को लेकर खूनी संघर्ष, छात्र की आंखों की रोशनी गई; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक छात्रा से दोस्ती को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विश्वविद्यालय के बराक हॉस्टल में हुई इस घटना में एक छात्र की आंखों की रोशनी चली गई, जबकि आरोपी समेत चार छात्र घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने मामले में आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे विश्वविद्यालय परिसर के एक कमरे में हुई। बताया जा रहा है कि एक छात्रा से दोस्ती को लेकर अजय और सौरभ के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि अजय ने सौरभ पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में सौरभ की आंख की रोशनी चली गई। इस दौरान आरोपी अजय समेत चार छात्र घायल हो गए।

घटना के बाद मामले की शिकायत वसंत कुंज नॉर्थ थाने में दर्ज कराई गई। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को FIR दर्ज करते हुए हत्या के प्रयास की धारा भी लगाई। पुलिस ने आरोपी छात्र अजय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विश्वविद्यालय से MA की पढ़ाई कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

वजीराबाद हत्याकांड में मुख्य आरोपी और सहयोगी गिरफ्तार

वहीं, दिल्ली के वजीराबाद इलाके में सोमवार देर रात हुई एक अन्य हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कमल गोस्वामी और उसके सहयोगी मोनू को गिरफ्तार किया है। गोली लगने से घायल रवि की मंगलवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक, वारदात सोमवार रात करीब 11 बजे वजीराबाद के संगम विहार में गली नंबर 14 के पास डिवाइन हॉस्पिटल के नजदीक हुई थी। जांच में सामने आया कि रवि अक्टूबर 2026 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह वर्ष 2021 में नॉर्थ वेस्ट जिले के नेताजी सुभाष प्लेस थाने में दर्ज एक हत्या के मामले में आरोपी था।

पुलिस के अनुसार, घटना की रात रवि अपने कुछ परिचितों के साथ शराब पी रहा था। इनमें कमल गोस्वामी भी शामिल था। बताया गया है कि कमल गोस्वामी की दोस्ती 2021 के हत्या मामले में मारे गए व्यक्ति से थी। पुलिस इस पुराने विवाद को वारदात के संभावित कारण के रूप में देख रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button