
शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां बस का टूटा शीशा देखने के लिए नीचे उतरे कंडक्टर और हेल्पर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के शव सड़क पर बिखर गए। पुलिस को शवों के अवशेष इकट्ठा करने के लिए फावड़े की मदद लेनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर स्लीपर बस दिल्ली के आनंद विहार से झारखंड के हजारीबाग जा रही थी। इसी दौरान परशुरामपुरी के पास बस के पिछले हिस्से का शीशा टूट गया। शीशा टूटने की आवाज सुनकर यात्रियों ने चालक से बस रोकने को कहा। इसके बाद चालक ने एक्सप्रेस-वे पर बस रोक दी।
बस रुकने के बाद कंडक्टर और हेल्पर शीशे की स्थिति देखने के लिए नीचे उतरे। दोनों बस के पिछले हिस्से में पहुंचे और टूटे शीशे को देखने लगे। जांच करने के बाद दोनों वापस बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। टक्कर के कारण दोनों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। सड़क पर बिखरे अवशेषों को पुलिस ने फावड़े की मदद से एकत्र किया और अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान बस कंडक्टर और हेल्पर के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।









