
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भाई दूज के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस त्योहार को भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के अटूट रिश्ते का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कामना की कि यह शुभ अवसर सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए देशवासियों को भाई दूज की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भाई दूज का पवित्र त्योहार भाई-बहन के बीच प्रेमपूर्ण और गहरे रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस शुभ अवसर पर उन्होंने सभी के सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक बताया।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक है। यह रिश्ता प्रेम, अपनत्व, आपसी विश्वास और एक-दूसरे के प्रति अटूट समर्पण पर आधारित होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाई दूज का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लेकर आएगा।
गौरतलब है कि भाई दूज का त्योहार पूरे देश में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है। उत्तर भारत में इसे भाई दूज, भाऊ बीज और भाई बीज के नाम से जाना जाता है। महाराष्ट्र में इसे भाई टीका, जबकि बंगाल में भाई फोटा कहा जाता है। वहीं, कर्नाटक और तेलंगाना सहित दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में इसे यम द्वितीया के रूप में मनाया जाता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को घर बुलाकर भोजन कराया था। तभी से इस दिन को यम द्वितीया के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसके बदले भाई अपनी बहनों को उपहार देते हैं और उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं।
भाई दूज का त्योहार रक्षाबंधन की तरह ही भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते को समर्पित है।









