
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम ने बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के मकान से जुड़े अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक, एलडीए की टीम अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के मकान पर पहुंची थी। जांच-पड़ताल के बाद प्राधिकरण ने मकान के निर्माण और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर कार्रवाई शुरू की। इससे पहले एलडीए की टीम ने आरोपी के मकान को सील करने की कार्रवाई भी की थी। इसके बाद सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया।
सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में हुए इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पार्किंग और चबूतरे के निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों में शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र उर्फ शंभू तिवारी और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी शामिल थे।
इस मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से ही आरोपी के मकान पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा चल रही थी। अब एलडीए की टीम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है।









