
डेस्क : महाराष्ट्र के सोलापुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। टेकऑफ की कोशिश के दौरान एक ट्रेनिंग विमान रनवे से फिसलकर बाहर चला गया। विमान को एक महिला ट्रेनी पायलट उड़ा रही थी। घटना के बाद अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
टेकऑफ के दौरान बिगड़ा विमान का संतुलन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेनी पायलट विमान को टेकऑफ कराने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान विमान ने रनवे पर अपना संतुलन खो दिया और बाहर की तरफ चला गया। इस घटना में पायलट को कोई चोट नहीं आई। हालांकि, विमान में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
रनवे पर आगे की तरफ झुका विमान
घटना के बाद सामने आए विजुअल्स में विमान रनवे पर आगे की तरफ झुका दिखाई दे रहा है। विमान का अगला हिस्सा यानी नोज जमीन को छूता नजर आ रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सोलो क्रॉस-कंट्री फ्लाइट पर थी महिला पायलट
रेडबर्ड एविएशन ट्रेनिंग एकेडमी के करण मान ने बताया कि महिला ट्रेनी पायलट अपनी सोलो क्रॉस-कंट्री फ्लाइट पर थी। इसी दौरान विमान की हार्ड लैंडिंग हुई और वह रनवे पर ही फंस गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।









