
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। प्रदेश में 7.57 करोड़ रुपये की नकली दवाएं सीज की गई हैं। जांच में 30 से ज्यादा नामी ब्रांड की नकली दवाएं मिलने का खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले में अब तक 24 FIR दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें 45 फर्मों और 90 लोगों को नामजद किया गया है। नकली दवाओं का यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह नामी फार्मा कंपनियों की दवाओं की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं तैयार कर रहा था। इस सिंडिकेट से जुड़े तीन लोगों को मुरादाबाद में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच में कई बड़ी दवा कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली दवाएं तैयार किए जाने की जानकारी मिली है।
नामी कंपनियों के ब्रांड की नकली दवाएं बरामद
जांच में मोक्सीफीट-सीवी 625 टैबलेट नकली पाई गई। वास्तविक निर्माता कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसने इस दवा का निर्माण नहीं किया है। इसके अलावा ग्लेनमार्क कंपनी की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट इंजेक्शन और एरिस्टो फार्मा की पैनटॉप-40 की नकली खेप भी सामने आई है।
इसी तरह एल्केम की क्लैवम और पैन डी, मैनकाइंड की गुडसेफ, डॉ. रेड्डीज की राजो-डी, सन फार्मा की रोसुवास और इंटास की लेवेरा-500 के नाम पर भी नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं।
कई जिलों में दर्ज हुई FIR
इस मामले में आगरा और लखनऊ में 9-9 FIR दर्ज की गई हैं। वाराणसी में दो FIR हुई हैं, जबकि सहारनपुर, गोंडा, मेरठ और रायबरेली में एक-एक FIR दर्ज की गई है।
नकली दवाओं का कारोबार कई राज्यों तक फैला होने के चलते जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है। इस कार्रवाई से दवा बाजार में सक्रिय नकली दवाओं के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अब जांच एजेंसियां इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और फर्मों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।







