
गुरुवार को उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज जोशीमठ पहुंचे. उन्होंने जोशीमठ नगर क्षेत्र में भूधंसाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आपदा पीड़ितों से भी मुलाकात की और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से जोशीमठ की जनता के साथ खड़ी है. प्रभावित लोगों को इस संकट से उभारने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे है. सतपाल महाराज ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार से भी जोशीमठ के लोगों को हर संभव मदद मिल रही है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस पर अपनी कड़ी नजर बनाए हुए हैं. वो जोशीमठ मामले की नियमित तौर पर मानिटरिंग भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जोशीमठ की आपदा से इस समय शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय लोगों का रोजगार भी प्रभावित हुआ है. हमारी सरकार स्थिति की नियमित समीक्षा कर रही है. औली में फरवरी में स्नो गेम्स भी प्रस्तावित है. इस पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है.
इस दौरान केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जोशीमठ नगर पालिका के अन्तर्गत मनोहरबाग, गांधी नगर, नरसिंह मंदिर, जेपी कालोनी आदि क्षेत्रों में प्रभावित घरों एवं होटलों में भूधंसाव से क्षति का जायजा लिया. उन्होंने डिस्मेंटल किए जा रहे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन, होटल माउंट व्यू और मलारी इन का भी निरीक्षण किया.
कैबिनेट मंत्री ने आपदा पीड़ितों के परिवार से भी मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद मुहैया कराने का भरोसा दिया. सतपाल महाराज ने कहा कि जोशीमठ आपदा में प्रभावित लोगों के हितों का हमारी सरकार पूरा ध्यान रखेगी. हम सब मिलकर काम करगें और जल्द ही इस आपदा से उभरेंगे.









