
यूपी बोर्ड परीक्षा को निर्बाध ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार प्रशासनिक अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षा अधिकारियों, जोनल व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक लेंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षा के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा 2023 की डेटशीट जारी कर चुका है। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2023 से शुरू होंगी और 4 मार्च तक चलेंगी।। बैठक सुबह 11 बजे बंगला बाजार के एल्डिको कॉलोनी स्थित पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में होगी।
हाई स्कूल की 13 दिनों में परीक्षा होगी जबकि इंटरमीडिएट की 14 दिनों में परीक्षा कराई जाएगी। होली से पहले ही यूपी बोर्ड की परीक्षाएं खत्म हो जाएंगी। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए इस साल 58 लाख 67 हजार 329 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं। इनमें हाई स्कूल के 31 लाख 16 हजार 458 परीक्षार्थी शामिल हैं जबकि इंटरमीडिएट के 27 लाख 50 हजार 871 परीक्षार्थी शामिल हैं।









