
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने शुक्रवार को एक टीवी न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन का खुलासा होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसमें उन्होंने टीम और चयन प्रक्रिया के संबंध में अंदरुनी जानकारी साझा कर अनुबंध का उल्लंघन किया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चेतन शर्मा से इस्तीफा देने को कहा।
वर्तमान में, चेतन शर्मा, जो इस समय बंगाल और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी फाइनल के लिए कोलकाता में हैं, ने कथित तौर पर बीसीसीआई सचिव जय शाह को अपना इस्तीफा भेज दिया है, जिन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। आपको बता दें कि एक न्यूज़ चैनल ने 14 फरवरी को वीडियो फुटेज जारी किया था, जिसमें चेतन शर्मा यह कहते सुने गए थे कि भारतीय खिलाड़ी फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। चेतन शर्मा ने यह भी कहा कि भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने तत्कालीन बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली को बदनाम करने की कोशिश की, क्योंकि उन्हें लगा कि सौरव गांगुली उनसे वनडे कप्तानी छीनने के लिए जिम्मेदार थे।
इसके बाद चेतन शर्मा ने टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआई का भरोसा खो दिया. इस बात को लेकर चिंता थी कि चेतन शर्मा के किसी की बातचीत को सार्वजनिक करने के बाद खिलाड़ी उनके सामने कैसे खुलेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट के कुछ लोगों को भी लगा कि चेतन शर्मा ने हद पार कर दी है. इसके बाद उनकी स्थिति पर खतरा मंडरा रहा था, खासतौर पर यह कहने के लिए कि खिलाड़ी फिट रहने के लिए इंजेक्शन लेते हैं। इस मामले से वाकिफ एक सूत्र ने बताया है कि ‘ये बस कुछ ही समय की बात है। एक बार जब खिलाड़ियों ने विश्वास खो दिया, तो शर्मा के लिए पद पर बने रहना मुश्किल हो गया।’









