
लखनऊ; उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “वन नेशन वन इलेक्शन” का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि “वन नेशन वन इलेक्शन एक अभिनंदनीय प्रयास है. हमें ये जानकर प्रसन्नता है कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिए जो कमेटी बनी है उसके अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को बनाया गया है. इस अभिनव पहल के लिए मैं उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
सीएम योगी ने आगे कहा कि ये आज की आवश्यकता है. बार-बार चुनाव विकास कार्यों में बाधा पैदा करते हैं. चुनाव की प्रक्रिया को कम से कम 1.5 महीने का समय लगता है. इसके लिए आवश्यक है कि लोकसभा विधानसभा और अन्य सभी प्रकार के चुनावों का हम एक साथ आयोजन करें.
बता दें कि केंद्र सरकार ने वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर एक कमेटी गठित की है, जिसका अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को बनाया गया है. इस समिति में कितने सदस्य होंगी अभी इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है. कहा जा रहा है कि इस कमेटी में कई महत्वपूर्ण लोगों को स्थान मिल सकता है.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी काफी समय से ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की वकालत करते आए हैं. उनका तर्क है कि एक इलेक्शन से देश के बजट पर बोझ कम होगा. साथ ही तमाम संसाधन जो बार-बार लोकसभा व विधानसभा इलेक्शन के दौरान उपयोग होते हैं वह भी बचेंगे. इसके अलावा बार-बार चुनाव की वजह से आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य प्रभावित होता है, वह भी नहीं होगा.









