रितेश पांडे ने बसपा से दिया इस्तीफा, बीजेपी में होंगे शामिल

बीएसपी सासंद रितेश पांडेय आज बीजेपी में शामिल होंगे। रितेश पांडे ने बसपा से इस्तीफा दे दिया है।

लोकसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ गयी है, राजनीतिक सरगर्मियां वैसे ही बढ़ती जा रही हैं। चुनाव को देखते हुए पार्टियों में उलटफेर का दौर तेजी से चल रहा है। इसी बीच खबर आ रही है कि बीएसपी सासंद रितेश पांडेय आज बीजेपी में शामिल होंगे। रितेश पांडे ने बसपा से इस्तीफा दे दिया है।

आपको बता दें कि रितेश पांडे ने इस्तीफा देते हुए बहुजन समाज पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में बसपा के माध्यम से जब से मैंने प्रवेश किया, आपका मार्गदर्शन मिला, पार्टी पदाधिकारियों का सहयोग मिला तथा पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने मुझे हर कदम पर अंगुली पकड़कर राजनीति एवं समाज के गलियारे में चलना सिखाया। पार्टी ने मुझे उत्तर प्रदेश विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया. पार्टी ने मुझे लोकसभा में संसदीय दल के नेता रूप में कार्य का अवसर भी दिया. इस विश्वास के लिए में आपके, पार्टी के, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूँ, धन्यवाद ज्ञापन करता हूँ।

अपने पत्र में उन्होने कहा कि लंबे समय से मुझे न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा है और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा है. मैंने आपसे तथा शीर्ष पदाधिकारियों से संपर्क के लिए, भेट के लिए अनगिनत प्रयास किये, लेकिन उनका कोई परिणाम नहीं निकला। इस अंतराल में में अपने क्षेत्र में एवं अन्यत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निरंतर मिलता-जुलता रहा तथा क्षेत्र के कार्यों में जुटा रहा। ऐसे में में इस निष्कर्ष पर पहुँचा हूँ कि पार्टी को मेरी सेवा और उपस्थिति की अब आवश्यकता नहीं रही. इसलिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के अलावा मेरे समक्ष कोई विकल्प नहीं है। पार्टी से नाता तोड़ने का यह निर्णय भावनात्मक रूप से एक कठिन निर्णय है।

आपको बता दें कि कल हुई कोर कमेटी की बैठक में उनको अंबेडकरनगर से टिकट देने पर भी फ़ैसला हुआ है। रितेश के पिता राकेश पांडे समाजवादी पार्टी से विधायक हैं , अब राज्य सभा चुनाव में रितेश के पिता राकेश पांडे बीजेपी को वोट कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button