
डिजिटल डेस्क: सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार यानी 20 फरवरी को सुनवाई के दौरान CJI की बेंच वाली पीठ ने अहम फैसला सुनाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद कुलदीप कुमार को चंडीगढ़ का मेयर घोषित किया है। जिसके बाद अदालत के तरफ से जारी आदेश पर पूरे देश भर में AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं, इस फैसले के बाद देश भर से न सिर्फ आम आदमी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता बल्कि बीजेपी के दूसरी विपक्षी पार्टियों की भी प्रतिक्रिया आने लगी है। AAP संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शाम को साढ़े 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का ऐलान कर दिया है। तो चलिए आप भी जान लीजिये सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले के बाद किसने क्या कहा….
CM केजरीवाल ने बुलाया प्रेस कॉन्फ्रेंस

सुप्रीम कोर्ट के फैसला सुनाने के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आज शाम 5:30 पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, ”कुलदीप कुमार एक गरीब घर का लड़का है। INDIA गठबंधन की ओर से चंडीगढ़ का मेयर बनने पर बहुत बहुत बधाई। ये केवल भारतीय जनतंत्र और माननीय सुप्रीम कोर्ट की वजह से संभव हुआ। हमें किसी भी हालत में अपने जनतंत्र और स्वायत्त संस्थाओं की निष्पक्षता को बचाकर रखना है।”
AAP ने भी किया पोस्ट

आम आदमी पार्टी के X हैंडल से भी इस मामले पर धड़ाधड़ 2 पोस्ट करते हुए इससे लोकतंत्र का जीत करार दिया गया है। AAP ने अपने पहले ट्वीट में अपने राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उनको धन्यवाद् करने वाला पोस्ट शेयर करते हुए सत्यमेव जयते लिखा है तो वहीँ दूसरे ट्वीट में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने लिखा कि, “सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में AAP उम्मीदवार को विजयी घोषित किया… देश में एक बार फिर लोकतंत्र विजयी हुआ।”
CM भगवंत मान ने कहा – आखिरकार सच जीत गया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पूरे मामले पर अपनी ख़ुशी जाहिर करते हुए इसे सच्चाई का जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि, “आख़िरकार सत्य की जीत हुई। चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हम स्वागत करते हैं। पीठासीन अधिकारी द्वारा खारिज किए गए 8 वोटों को सही ठहराते हुए CJI ने AAP के कुलदीप कुमार को मेयर घोषित किया। बीजेपी द्वारा सरेआम की गई गुंडागर्दी का उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिला है। लोकतंत्र की इस बड़ी जीत पर चंडीगढ़ वासियों को बहुत-बहुत बधाई।”
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पोस्ट कर लिखा- सत्यमेव जयते

इस पूरे मामले पर न्यायाधीश के आदेश के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। इस पर अपनी ख़ुशी जताते हुए उन्होंने लिखा कि, “सत्यमेव जयते! आज माननीय सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय ने भारत में लोकतंत्र के स्तम्भ – स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा की है। माननीय सुप्रीम कोर्ट ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में 8 ‘अमान्य’ मतपत्रों को वैध मानकर पुनर्मतगणना का निर्देश देने के बाद AAP मेयर उम्मीदवार को विजेता घोषित किया। ये निर्णय भारत के लोकतंत्र की जीत है, जनता के वोट की ताकत की जीत है।”
कांग्रेस के खड़गे ने कहा- BJP जीत के लिए चुनावी हेरफेर का लेती है सहारा

इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी BJP को आड़े हाथ लेते हुए उसपर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा कि, “सुप्रीम कोर्ट ने लोकतंत्र को निरंकुश भाजपा के जबड़ों से बचाया है, जो गंदे चुनावी हेरफेर का सहारा लेती थी। #ChandigarhMeorPolls में संस्थागत तोड़फोड़ मोदी-शाह की लोकतंत्र को कुचलने की कुटिल साजिश का एक छोटा सा हिस्सा मात्र है। सभी भारतीयों को हमारे संविधान पर इस हमले का सामूहिक रूप से मुकाबला करना चाहिए। कभी नहीं भूलें, 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारा लोकतंत्र चौराहे पर होगा!”









