
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III (विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2023) का अंतिम चयन परिणाम 10 सितंबर 2026 तक घोषित किए जाने की पूरी संभावना है। आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है, जिसे तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 5,369 रिक्त पदों पर चयन किया जाना है। इसके लिए लिखित परीक्षा 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें 2,43,981 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद उत्तर-कुंजी, आपत्तियों के निस्तारण, टंकण (टाइपिंग) परीक्षा और अंत में 06 जून 2026 तक चले अभिलेख परीक्षण (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अब अभ्यर्थियों को अंतिम चयन परिणाम का बेसब्री से इंतजार है।
इस बीच, आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण एवं संयमित वातावरण बनाए रखें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाहों पर बिल्कुल भी विश्वास न करें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारियां केवल यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर ही प्रकाशित की जाएंगी। इसलिए अभ्यर्थी किसी अन्य भ्रामक स्रोत से प्राप्त जानकारी के आधार पर परेशान न हों और केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा रखें।









