
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के मांट थाना इलाके में मोहर्रम के मौके पर बांटी गई बिरयानी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, कुछ बच्चों ने बिरयानी को शाकाहारी समझकर खा लिया। बाद में जब उन्हें बताया गया कि इसमें चिकन है, तो दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी। घटना के बाद घरवालों ने पुलिस में शिकायत की, जिस पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मोहर्रम के मौके पर गांव में बिरयानी बांटी जा रही थी
जानकारी के मुताबिक, मांट थाना इलाके की ग्राम पंचायत जावरा के मजरा नगला बरी में शुक्रवार को मुहर्रम के मौके पर मुस्लिम समुदाय की ओर से बिरयानी बांटी जा रही थी। इस दौरान वहां मौजूद कई बच्चों ने भी बिरयानी खा ली। शिकायत के मुताबिक, इसमें कुछ गैर-मुस्लिम बच्चे भी शामिल थे, जिन्होंने गलती से इसे शाकाहारी खाना समझ लिया।
बिरयानी खाने के बाद पता चला कि उसमें चिकन है
परिवार का आरोप है कि बिरयानी खाने के कुछ देर बाद जब दोनों बच्चों को पता चला कि उसमें चिकन है, तो वे घबरा गए और उल्टी करने लगे। इसके बाद परिवार दोनों बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां उनका फर्स्ट एड किया गया।
शिकायत के बाद FIR दर्ज की गई
वही घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग और कुछ संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। मांट थाना पुलिस ने परिवार वालों की शिकायत के आधार पर बिरयानी बांटने से जुड़े आरोपी गुलशेर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की भी अपील की।









