उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज जौनपुर में ₹1123 करोड़ की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी बोले, जो लोग परिवार, जाति और वंशवाद के नाम पर राजनीति करते हैं वो लोग यूपी का विकास नहीं कर सकते। ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ ही विकास संभव है।
सीएम योगी ने कहा, आज कुछ लोग यूपी के विकास का दावा कर रहे हैं। जनता की सेवा करने का दम भरते हैं। लेकिन वो भूल गए हैं कि वो किस तरह से माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देकर, व्यापारियों की जमीन पर कब्जा व वसूली करवाते थे। वो सब जनता भूली नहीं है। पिछली सरकार सरकारी खजाने में डकैती डालने का काम करती थी। शासन की योजनाओं को सिर्फ अपने चहेतों को दिया जाता था। गरीब व किसान तो सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहते थे। लेकिन भाजपा सरकार में आज हर गरीब व किसान को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है
सीएम ने कहा, पिछली सरकारों में कभी श्रमिकों का सम्मान होते हुए देखा था क्या? पहले श्रमिक के मानदेय और पारिश्रमिक पर ही डकैती डाल दी जाती थी। हमारे प्रधानमंत्री ने श्रमिकों को सम्मान देने का काम किया और काशी विश्वनाथ धाम उसका उदाहरण है। साढ़े चार वर्ष में यूपी में कोई भी दंगा नहीं हुआ है। अपराधी यूपी से पलायन कर गए है। उन्हें पता है कि एक तरफ बुलडोजर सड़क पर चलता है, दूसरी तरफ माफियाराज पर चलाया जा रहा है। यही नया यूपी है।