
नई दिल्ली; चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के पश्चात इसरो को बधाई देने वालों का तांता लगा है. लोग ISRO को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं. इसी क्रम में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसरो प्रमुख एस सोमनाथ को एक पत्र लिखा है. पत्र के जरिए उन्होंने इसरो प्रमुख व उनकी पूरी टीम को ऐतिहासिक कार्य करने के लिए बधाई दी है.

सोनिया गांधी ने अपने पत्र में लिखा है बुधवार की शाम को इसरो ने शानदार उपलब्धि थी हासिल की है. यह सभी भारतीयों, विशेषकर युवाओं के लिए बहुत गर्व और उत्साह की बात है. उन्होंने लिखा कि इसरो की उत्कृष्ट क्षमताएं दशकों में विकसित हुई हैं. यही कारण है कि आज हमें इतनी बड़ी सफलता मिली है.
गौरतलब है कि इसके पूर्व पीएम मोदी भी चंद्रयान-3 की लैंडिंग के दौरान दक्षिण अफ्रीका से वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे. पीएम ने बड़ी सफलता के पश्चात इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी थी. इसके अलावा नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने बुधवार को चांद पर ‘चंद्रयान-3’ की सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ पर भारत को बधाई दी थी. उन्होंने लिखा अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी इस मिशन में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ‘साझेदार’ बनकर खुश है।