
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके और आगजनी ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बता दें, यह हादसा सामरलाकोटा मंडल के वेटलापालेम और जी. मेडुपाडु के बीच स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मजदूरों के शव सैकड़ों फीट दूर खेतों में जा गिरे। धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं से भर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में 30 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने के कारण आग लगातार धधकती रही। बीच-बीच में हो रहे छोटे-छोटे धमाकों से राहत और बचाव कार्य में भी बाधा आ रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री में तय सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री जमा की गई थी, जिससे यह भयानक हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मलबे में अब भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है। उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य सरकार जल्द ही मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान करेगी। आसपास के गांवों में लगातार हो रहे धमाकों की आवाज से दहशत का माहौल बना हुआ है।









