गोंडा में भीषण सड़क हादसा, पुल निर्माण सामग्री ले जा रहा ट्रक खेत में पलटा, दो सगे भाइयों समेत 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार का दिन एक बड़ी तबाही लेकर आया। गोंडा-बेलसर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास सरिया से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया, जिसकी चपेट में आकर खेत में काम कर रहे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

खेत में काम करते समय काल बनकर आया ट्रक

हादसा कंसापुर और विरसिंहपुर के बीच टेढ़ी नदी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पुल निर्माण के लिए सरिया लेकर जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान वहां खेत में काम कर रहे तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर निवासी राजेंद्र (45), उनके भाई रविंद्र (40) और राम गुलाम (55) ट्रक के नीचे दब गए। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही भारी भीड़ जमा हो गई। देहात कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह चालक की लापरवाही का मामला माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button