
देवरिया : युवक की चाकू घोंपकर हत्या से गुस्साए परिजनों ने तीसरे दिन रविवार को 48 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार की तैयारी नहीं की। उन्होंने शव को दरवाजे पर रखकर रात करीब आठ बजे तक प्रदर्शन किया। परिजन आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर एनकाउंटर करने, 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, आरोपी के घर के सामने से गुजरने वाली सड़क को जाम करने की मांग पर अड़े रहे।
शाम को करीब तीन घंटे तक प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा परिजनों से मिलकर शोक जताते रहे और अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। तनाव के चलते गांव में पुलिस तैनात है।
बता दे कि रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुए जानलेवा संघर्ष में राजू शर्मा (37) पुत्र स्वर्गीय दशरथ शर्मा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना में पांच महिलाओं समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। चाकू से घायल सुधीर का इलाज अभी भी चल रहा है।
पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी
घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर तीन नमाजियों समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या समेत दूसरी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया
शुक्रवार देर रात राजू का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। विदेश में रह रहे मृतक के बड़े भाई शिवकुमार उर्फ शिवम शर्मा के आने का इंतजार किया जा रहा था। शनिवार शाम को उनके घर पहुंचने के बाद भी रात हो जाने के कारण अंतिम संस्कार नहीं हो सका। प्रशासन से बातचीत के बाद परिजन रविवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए मान गए थे, लेकिन सुबह जब अधिकारी पहुंचे तो उन्होंने अपनी मांगें दोहराते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रविवार शाम को गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और सरकार की तरफ से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया। इसके बावजूद परिजन अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे और बातचीत बेनतीजा रही।
गांव में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए डिप्टी कलेक्टर प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, रामपुर कारखाना थाना अध्यक्ष अश्विनी प्रधान के साथ तरकुलवा, बघौचघाट, महुआडीह, सुरौली और खुखुंदू थानों की पुलिस और PAC के जवान तैनात थे। देर शाम तक प्रशासन परिजनों को समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन अंतिम संस्कार नहीं हो सका।
पत्नी ने कहा – किसी और परिवार के साथ ऐसा न हो
मृतक राजू शर्मा की पत्नी प्रीति शर्मा का दर्द रविवार को छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके पति अब दोबारा वापस नहीं आएंगे, इसलिए दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसा न हो। उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और सख्त कार्रवाई करने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।









