
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से विधायक आलम बदी का निधन हो गया है। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने आजमगढ़ स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
लंबे समय से बीमार चल रहे थे
बताया जा रहा है कि आलम बदी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज पिछले कई महीनों से लखनऊ में चल रहा था। कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था, जिसके बाद वह अपने आजमगढ़ स्थित आवास पर थे। सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया।
समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया
आलम बदी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वह आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे। क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। लंबे राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने जनता के मुद्दों को विधानसभा में उठाया और क्षेत्र के विकास के लिए काम किया। आलम बदी के निधन की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया। पार्टी नेताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उनके निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। आलम बदी के अंतिम संस्कार की तैयारियां परिजनों और समर्थकों द्वारा की जा रही हैं। उनके जाने से आजमगढ़ की राजनीति में एक बड़े अनुभव वाले नेता का अध्याय समाप्त हो गया।









