बिजनौर में बेटे ने मां की हत्या कर कहा- गुलदार ने मारा, मुआवजे के लालच में रची साजिश का हुआ खुलासा

बिजनौर: जिले में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर उसे गुलदार का हमला बताकर वन विभाग से मुआवजा लेने की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में ही अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी

मामला हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र का है। आरोपी बहाल सिंह ने खेत में ही अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में पुलिस व ग्रामीणों को बताया कि गुलदार ने हमला कर उनकी जान ले ली। आरोपी ने रोते हुए पूरी घटना को गुलदार के हमले से जोड़कर पेश किया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने भी वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया था। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में गुलदार का खतरा बढ़ गया है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद ग्रामीणों ने लिखित आश्वासन मिलने पर ही शव को उठाने दिया था।

वन विभाग से 5 लाख मुआवजे के लिए कत्ल

मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि पांच लाख रुपये के मुआवजे के लालच में आरोपी ने अपनी मां की हत्या कर इसे गुलदार का हमला बताने की कोशिश की थी। हीमपुर दीपा पुलिस ने आरोपी बहाल सिंह को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button