
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक के बाद एक दो कंटेनरों की चपेट में आने से दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा आर्यनगर चौराहे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि महिला अपने मासूम बेटे के साथ अपनी मां की तेरहवीं कार्यक्रम से वापस लौट रही थी। इसी दौरान सड़क पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उसके बेटे को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे को बचाने के लिए मां तुरंत उसकी ओर दौड़ी, लेकिन इसी दौरान वह भी दूसरे कंटेनर की चपेट में आ गई। हादसे में मां की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मदद दिलाने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कराने के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









