
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ के देहली गेट थाना क्षेत्र के नगला महताब इलाके में एक दूध विक्रेता ने मामूली सी बात पर छह साल के मासूम बच्चे के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोप है कि दूध जल्दी देने की बात कहने पर दुकानदार ने गुस्से में आकर मासूम को जबरन गर्म कढ़ाई पर बैठा दिया, जिससे बच्चे का निचला हिस्सा और कमर बुरी तरह झुलस गई।
यह खौफनाक घटना देर रात की है। पीड़ित छह साल के बच्चे की पहचान नितिन के रूप में हुई है। उसके पिता सुंदर लाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि नितिन घर के पास स्थित दुकान पर दूध लेने गया था। दूध मिलने में हो रही देरी पर जब बच्चे ने जल्दी दूध देने की जिद की, तो आरोपी दुकानदार लल्लू अपना आपा खो बैठा। उसने कथित तौर पर अमानवीयता दिखाते हुए मासूम को पकड़कर गर्म कढ़ाई पर बैठा दिया।
घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस अमानवीय घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









