
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 8 साल की मासूम बच्ची की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची की हत्या से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मासूम का शव घर से कुछ दूरी पर जंगल में मिला था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, मामला सिकंदराबाद की तेज सिंह कॉलोनी का है। 8 साल की बच्ची का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात बच्ची का शव घर से कुछ दूरी पर जंगल में मिला था। मासूम का शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इस मामले में बच्ची के पिता के साथ काम करने वाले राजू पर आरोप लगाया गया है। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा किया और सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर वापस भेज दिया। घटना को लेकर इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।









