Anant Singh की बेटी की शादी में शाही इंतजाम, 4 लाख मेहमानों के लिए 150 पकवान, दामाद को मिलेगा करोड़ों का तोहफा

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर हो रही है। 25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी को भव्य बनाने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। उनके लिए 150 तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे। वहीं, होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करोड़ों रुपये की लग्जरी कार उपहार में देने की चर्चा है।

दामाद को मिलेगा करीब ढाई करोड़ की डिफेंडर कार का तोहफा

शादी में सबसे ज्यादा चर्चा अनंत सिंह की ओर से दामाद ऋषिकेश कुमार को दिए जाने वाले खास उपहार की है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह उन्हें करीब ढाई करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार गिफ्ट करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह लग्जरी गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। डिफेंडर के टॉप वैरिएंट की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है।

10 बीघा जमीन पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल

शादी समारोह के लिए लदमा गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल और मंडप तैयार किया जा रहा है। जयमाला समारोह के लिए लगभग 30 फीट ऊंचा मंच बनाया जा रहा है। पंडाल की सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं।

4 लाख मेहमानों के लिए बनेंगे 150 तरह के पकवान

शादी में मेहमानों के भोजन की व्यवस्था भी खास होगी। करीब 4 लाख लोगों के लिए खाने का इंतजाम किया जा रहा है। मेहमानों के लिए लगभग 150 तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इनमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ सिलाव का मशहूर खाजा और काजू कतली जैसी मिठाइयां भी शामिल होंगी।

बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों को भेजा गया न्योता

शिवांगी सिंह की शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों को आमंत्रित किए जाने की चर्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू सूद, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, रवि किशन, मनोज तिवारी और उदित नारायण समेत कई कलाकारों को न्योता भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किए जाने की चर्चा है।

इसके अलावा मेहमानों के स्वागत और मनोरंजन के लिए दुबई से छह मॉडल बुलाने की बात भी सामने आई है। करोड़ों की लग्जरी कार, भव्य सजावट, 150 तरह के पकवान और लाखों मेहमानों के इंतजाम के चलते अनंत सिंह की बेटी की शादी बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की नजर 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन पर है।

Related Articles

Back to top button