आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित DCM ने कार को पीछे से रौंदा… हादसे में दो युवकों की मौत…

इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डीसीएम ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मोहित और गोविंद की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं।

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना चौबिया क्षेत्र के चौपला कट के पास एक तेज रफ्तार डीसीएम ने आगे जा रही कार में पीछे से जोरदार टक्कर मारी हैं। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय चौबिया थाना पुलिस और एक्सप्रेस-वे की राहत टीम तुरंत मौके पर पहुँची। मृतकों की पहचान कार चालक मोहित और उसके साथी गोविंद के रूप में हुई है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

वहीं, कार में सवार दो बच्चे बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका गहन इलाज जारी है।

पुलिस ने हादसे का कारण बनी डीसीएम को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। एक्सप्रेस-वे पर चौपला कट के पास हुए इस खौफनाक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button