
मुंबई; माया नगरी मुंबई में I.N.D.I.A गठबंधन दलों की बैठक हो रही है. इस बैठक के दूसरे दिन 28 दलों के नेता शामिल होंगे. गुरुवार से प्रारंभ हुई विपक्षी दलों की बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा हुई. वहीं आज शुक्रवार को भी सभी दलों के नेता आपसी सहमति से अहम निर्णय ले सकते हैं. कहा जा रहा है कि आज की बैठक में विपक्षी दलों के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी. हालांकि सीट शेयरिंग फॉर्मूला पर आपसी सहमति बन पाना इतना आसान नहीं लग रहा. क्योंकि कई राज्यों में I.N.D.I.A गठबंधन के दलों की ही आपस में राजनैतिक लड़ाई है.
पंजाब में जहां सत्ता आम आदमी पार्टी की सरकार है तो वहीं… मुख्य विपक्षी दल की भूमिका कांग्रेस निभा रही है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का कांग्रेस से 36 का आंकड़ा है. यूपी में भी कांग्रेस और सपा ने अलग-अलग विधानसभा का चुनाव लड़ा था. ऐसी ही कई राज्य हैं जहां सीट शेयरिंग फॉर्मूला बना पाना इतना आसान नहीं होगा. हालांकि, सभी विपक्षी दल एक स्वर में बीजेपी को सत्ता से हटाने की कसमें खाते रहे हैं.
बता दें कि आज इसी को लेकर विपक्षी दल सीट शेयरिंग फॉर्मूला बनाने पर मंथन करेंगे. इस बैठक में 28 दलों के नेता मौजूद रहेंगे. जिसमें से 7 राज्यों के सीएम भी होंगे. बैठक में पश्चिम बंगाल CM ममता बनर्जी, आरजेडी प्रमुख लालू यादव, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, वेणुगोपाल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी सहित कई दिग्गज मौजूद रहेंगे.









