
महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुलिस ने करीब 1,100 करोड़ रुपये मूल्य का 600 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन नामक मादक पदार्थ जब्त किया है तथा इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शहर के पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को ये जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि पुणे जिले में अब तक की सबसे बड़ी नशीली दवाओं की जब्ती के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए तीन लोगों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPC एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 3.85 करोड़ रुपये का करीब 1.75 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया।
पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा, “तीनों से पूछताछ के बाद और उनसे प्राप्त इनपुट के आधार पर, कुरकुंभ एमआईडीसी इलाके में एक और ऑपरेशन चलाया गया और वहां एक इकाई से लगभग 550 किलोग्राम एमडी बरामद किया गया।”
गिरफ्तार आरोपितों की पृष्ठभूमि के बारे में पूछे जाने पर अमितेश कुमार ने कहा कि वे मुख्य रूप से ‘कूरियर ब्वाय’ के रूप में काम कर रहे थे और उनके खिलाफ कुछ मामले दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नर ने ये कहते हुए इस बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है। जब उनसे पूछा गया कि क्या मादक पदार्थ तस्कर ललित पाटिल का किसी भी रूप में इस जब्ती से कोई संबंध है तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कुछ सामने नहीं आया है।
पिछले साल पाटिल का नाम तस्करों के सरगना के तौर पर सामने आया था। पुलिस ने मुंबई में दो महीने के अभियान के बाद 300 करोड़ रुपये का मेफेड्रोन जब्त किया था। पाटिल पुणे में एक सरकारी अस्पताल से भाग गया था लेकिन उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।
यह खबर ‘पीटीआई’ न्यूज़ एजेंसी से ली गई है. इसके कंटेंट के लिए भारत समाचार जिम्मेदार नहीं है.









