
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम जब अवैध रूप से बांधी गई भैंसों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची, तभी कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।
DCP वेस्ट कमलेश दीक्षित के मुताबिक, पुलिस और नगर निगम की टीम पारा इलाके में सड़क पर अवैध रूप से बांधी गई 200 से अधिक भैंसों को पकड़ने गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
लोहे की जंजीर से दारोगा के सिर पर कई वार किए
आरोप है कि भीड़ ने एक दारोगा को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की जंजीर से दारोगा के सिर पर कई वार किए। इसके बाद उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का भी आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों के साथ भी हमलावरों ने धक्का-मुक्की की। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
200 से अधिक भैंसों को जब्त किया
पुलिस ने मौके से 200 से अधिक भैंसों को जब्त किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।









