Kannauj से Akhilesh Yadav का BJP के सुब्रत पाठक से मुकाबला, क्या होगा 24 का फैसला?

यह सीट अखिलेश यादव के और उनके परिवार से काफी हद तक जुड़ी हुई है। इसी सीट से उन्होंने  वर्ष 2000 से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

उत्तर प्रदेश की हॉट सीटों में से एक कन्नौज लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव खुद मैदान में उतर चुके हैं। गुरुवार यानी 25 अप्रैल को उन्होंने यहां से पर्चा दाखिल कर दिया है। हालांकि, इससे पहले लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव के चुनावी मैदान में न उतरने की घोषणा हुई थी और यहां से तेज प्रताप यादव को मौका दिया गया था। मगर बाद में कार्यकर्ताओं के दबाव के चलते सपा सुप्रीमो को  अपना फैसला बदलना पड़ा। अब यहां से वो खुद चुनावी मोर्चा सँभालने के लिए उतर चुके हैं। इस सीट पर उनकी टक्कर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुब्रत पाठक से होगी। बता दें, कन्नौज लोकसभा सीट से अखिलेश यादव चौथी बार चुनावी मैदान में कदम रखने जा रहे हैं।

अब अगर बात करे इस सीट पर सपा का कितना प्रभाव है इसको जानने के लिए आपको यादव परिवार और कन्नौज के बीच के रिश्ते को समझना पड़ेगा। दरअसल यह सीट अखिलेश यादव के और उनके परिवार से काफी हद तक जुड़ी हुई है। इसी सीट से उन्होंने  वर्ष 2000 से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

2012 तक वे कन्नौज सीट से बतौर सांसद रहे। जिसके बाद वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री बनने के बाद इस सीट से उनकी पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध निर्वाचित हुईं थी। फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में मामला बिगड़ गया और यहाँ से बीजेपी के सुब्रत पाठक ने समाजवादी पार्टी के गढ़ में सेंधमारी कर दी। अब एक बार फिर अखिलेश यहां पर अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए मैदान में उतर चुके हैं। हालांकि, इस बार वे दिल्ली की राजनीति में आएंगे या फिर लखनऊ में रहकर ही प्रदेश की राजनीति को संभालेंगे, यह देखना भी काफी दिलचस्प होगा।

Related Articles

Back to top button