कतर्नियाघाट में नहर से निकलकर हाईवे पर आया विशाल मगरमच्छ, थम गई वाहनों की रफ्तार

बहराइच: कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग से सटे चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज के पास शुक्रवार देर रात एक खौफनाक नजारा देखने को मिला। रात करीब 11:30 बजे शारदा नहर से निकलकर एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक लखीमपुर हाईवे की सड़क पर आ गया। रात के अंधेरे में बीच सड़क पर मगरमच्छ को रेंगते देख वहां से गुजर रहे वाहन चालकों के होश उड़ गए और हाईवे पर वाहनों के पहिए जहां के तहां थम गए।

वाहनों के हॉर्न बजने पर वापस नहर में लौटा
चूंकि यह हाईवे कतर्नियाघाट जंगल के बीच से गुजरता है, इसलिए यहां रात के समय भी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। अचानक बीच सड़क पर मगरमच्छ के आ जाने से दोनों तरफ से आ रहे ट्रकों और कारों को रोकना पड़ा। राहगीरों और वाहन चालकों ने सुरक्षा के लिहाज से दूरी बनाए रखी और मगरमच्छ को वापस भेजने के लिए गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर लगातार हॉर्न बजाना शुरू किया।

गाड़ियों की तेज रोशनी और हॉर्न की तेज आवाज से घबराकर मगरमच्छ कुछ देर सड़क पर रुकने के बाद धीरे-धीरे वापस शारदा नहर के पानी में लौट गया। मगरमच्छ के पानी में जाने के बाद ही वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और हाईवे पर यातायात दोबारा सामान्य हो सका।

वन विभाग की चेतावनी: कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के अधिकारियों का कहना है कि मानसून और बारिश के दिनों में जलस्तर बढ़ने के कारण जलीय जीव अक्सर रिहायशी इलाकों या सड़कों का रुख कर लेते हैं। वन्यजीव बाहुल्य इलाका होने के कारण इस रूट पर चलने वाले वाहन चालकों को रात के समय विशेष सावधानी बरतने और वाहनों की रफ्तार धीमी रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button