
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वत मामले में भारतीय रेलवे के मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा (IRSME) के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी South East Central Railway (SECR), भिलाई में तैनात वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (DME) हैं।
CBI ने 13 अगस्त को आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि अधिकारी ने लंबित बिलों को मंजूरी देने के लिए शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद आरोपी 1 लाख रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार हुआ था।
CBI ने 3 अगस्त को जाल बिछाकर आरोपी वरिष्ठ DME को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार करते हुए पकड़ा। आरोप है कि शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम आरोपी के निर्देश पर एक व्यक्ति ने ली थी।
इसके बाद CBI ने रायपुर और भिलाई स्थित आरोपी के आवास और कार्यालय परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए।
आरोपी वरिष्ठ DME, SECR भिलाई को 14 अगस्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने आरोपी को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है।









