सीएम योगी का अंबेडकरनगर दौरा,बोले- यहां के मेले को करेंगे राजकीय मेला घोषित,प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त बनाया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर दौरे के दौरान जिलेवासियों को 706 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 194 विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज अंबेडकरनगर विकास का एक नया मॉडल बन चुका है और यह जिला दो-दो एक्सप्रेसवे से जुड़कर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्थानीय ऐतिहासिक मेले को राजकीय मेला घोषित करने का भी ऐलान किया।

विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोकतंत्र में पूरा विश्वास रखते हैं, लेकिन विपक्ष ने सदन में कभी सार्थक चर्चा नहीं होने दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा ने विधानसभा नहीं चलने दी। पूर्व की सरकारों पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि पहले युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी और नौजवानों के सामने अपनी पहचान का बड़ा संकट खड़ा हो गया था। सपा सरकार के कार्यकाल में अराजकता अपनी चरम सीमा पर थी।

हथकरघा उद्योग का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में हथकरघा को एक नई ऊंचाई दी गई है। हमारी सरकार ने युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार की पुख्ता व्यवस्था की है। भाजपा सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त राज्य बनाया गया है, जिससे आज राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ है। अंबेडकरनगर के विकास से यहां के लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button