
बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में अब तक 158 स्वर्ण पदक दिए जा चुके हैं। जहां ऑस्ट्रेलिया 46 गोल्ड के साथ टॉप पर चल रहा है। वहीं मेजबान इंग्लैंड 38 गोल्ड के साथ दूसरे नंबर पर है। इन दोनों देशों ने राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) में पदकों का शतक लगाया है। ऑस्ट्रेलिया ने कुल 123 पदक जीते। तो वहीं ब्रिटेन ने 103 पदक अपने नाम किए हैं।
पदकों की इस दौड़ में भारत एक कदम और पिछड़ गया है। पदक तालिका में भारत पहले छठे स्थान पर चल रहा अब सातवें स्थान पर आ गया है। भारत के पास अब तक 5 गोल्ड, 6 सिल्वर 7 ब्रॉन्ज आ चुके हैं। राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) के छठे दिन यानि 3 अगस्त को भारत की झोली में कुल 5 पदक आए लेकिन इनमें एक भी स्वर्ण नहीं था. यही कारण था कि भारत को एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा।
हालांकि हॉकी, क्रिकेट से लेकर बॉक्सिंग तक भारतीय खिलाड़ी लगातार आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में इन स्पर्धाओं में भारत को अच्छे पदक मिलने की उम्मीद है। खासकर बॉक्सिंग में भारतीय टीम के कई खिलाड़ी गोल्ड जीतने के प्रबल दावेदार हैं। बैडमिंटन और टेबल टेनिस के एकल स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों से गोल्ड जीतने की उम्मीद है।