
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के करगरा चौधरान टोला में शनिवार सुबह मगरमच्छ के हमले से हड़कंप मच गया। नदी में मछली पकड़ने गए एक 55 वर्षीय व्यक्ति पर पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया।
मगरमच्छ ने उनके पैर को अपने जबड़ों में जकड़ लिया
करगरा निवासी लल्लू साहनी रोज की तरह शनिवार सुबह सोन नदी किनारे मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी के किनारे मौजूद मगरमच्छ ने उनके पैर को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और उन्हें पानी की ओर खींचने लगा।
लल्लू साहनी ने हिम्मत नहीं हारी
अचानक हुए हमले के बाद लल्लू साहनी ने हिम्मत नहीं हारी और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के चंगुल से अपना पैर छुड़ा लिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
मगरमच्छ के हमले में लल्लू साहनी के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और मगरमच्छ से सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।









