नोएडा BJP में फिर सामने आई गुटबाजी, दादरी कार्यक्रम से बड़े नेताओं को दूर रखने पर उठे सवाल

गौतमबुद्ध नगर में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के अंदर चल रही खींचतान एक बार फिर चर्चा में है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सामने आई अंदरूनी खींचतान अब दादरी में होने वाले एक कार्यक्रम को लेकर फिर उभरती दिख रही है।

बता दे कि 3 अगस्त को दादरी स्थित आरबी नॉर्थ लैंड इंस्टीट्यूट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि यह प्रदेश अध्यक्ष का जिले में जनता के बीच पहला बड़ा कार्यक्रम होगा, लेकिन इसमें जिले के कई प्रमुख नेताओं को शामिल नहीं किया गया है।

वही कार्यक्रम को लेकर सांसद, विधायक, एमएलसी और जिला संगठन के पदाधिकारियों को निमंत्रण नहीं मिलने की चर्चा है। इसे लेकर पार्टी के अंदर ही सवाल उठने लगे हैं। कार्यक्रम को समाज से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन पार्टी के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उसी समाज से जुड़े होने के बावजूद कार्यक्रम से दूरी बनाए हुए हैं।

लंबे समय से जारी है अंदरूनी खींचतान

गौतमबुद्ध नगर भाजपा में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। हालांकि 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने जिले की तीनों सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन समय के साथ नेताओं के बीच मतभेद कम होने के बजाय बढ़ते नजर आए हैं।

15 जून को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा शुरू होने के कार्यक्रम में भी कई बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी थी। उस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी नरेंद्र भाटी और श्रीचंद शर्मा समेत कई नेताओं की मौजूदगी नहीं थी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की सक्रियता नजर आई थी। बाद में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने लोकसभा समिति के साथ एयरपोर्ट का दौरा किया, जिसमें जिले के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए, लेकिन जेवर विधायक इसमें नजर नहीं आए।

पहले भी सामने आ चुके हैं मतभेद

दादरी विधायक तेजपाल नागर के कार्यक्रमों में भी नेताओं के बीच दूरी देखने को मिली है। वहीं, अलग-अलग सामाजिक कार्यक्रमों में भी कुछ नेताओं को बुलाने और कुछ को नजरअंदाज करने को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। अब 3 अगस्त के कार्यक्रम में भी कई नेताओं की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि निमंत्रण पत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का नाम प्रमुखता से शामिल किया गया है।

चुनाव से पहले बढ़ी चिंता

भाजपा के कुछ पदाधिकारियों का कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में बुलाया जा रहा है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों को दूर रखना समझ से परे है। पार्टी के अंदर चल रही यह खींचतान आने वाले विधानसभा चुनाव में नुकसान पहुंचा सकती है। नेताओं का मानना है कि अगर समय रहते मतभेद दूर नहीं किए गए तो इसका असर संगठन की एकजुटता और चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button