
डेस्क : लखनऊ में फर्जी GST फर्म बनाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर GST फर्म तैयार कर Input Tax Credit का लाभ ले रहे थे।
सरकार को करीब 27.30 लाख रुपये का नुकसान हुआ
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने GHANSHYAM ENTERPRISES नाम की फर्जी फर्म बनाई थी। इस फर्म के जरिए फर्जीवाड़ा कर सरकारी राजस्व को लाखों रुपये की क्षति पहुंचाई गई। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क से सरकार को करीब 27.30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फर्जी दस्तावेजों और कागजों के इस्तेमाल की बात सामने आई
बता दे कि क्राइम ब्रांच की जांच में फर्जी दस्तावेजों और कागजों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। आरोपियों पर फर्जी तरीके से GST से जुड़े लाभ लेने और राजस्व को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले में हसनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कितने लोग शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी फर्मों के जरिए किए गए अन्य लेनदेन और संभावित घोटालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









