
नई दिल्ली: भारतीय उद्योग जगत के लिए 17 अप्रैल 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है। ‘ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स’ द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, गौतम अदाणी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अदाणी की कुल संपत्ति अब 92.6 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे वे वैश्विक स्तर पर 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, मुकेश अंबानी 90.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ 20वें स्थान पर खिसक गए हैं। गुरुवार के कारोबारी सत्र में अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेज़ी आई, जिससे उनके संपत्ति में मात्र एक दिन में 3.56 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ।

अदाणी समूह की प्रमुख कंपनियों जैसे अदानी टोटल गैस, अदाणी पोर्ट्स और अदाणी पावर के शेयरों में शुक्रवार को इंट्रा-डे ट्रेडिंग के दौरान 3 प्रतिशत तक की मजबूती देखी गई। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि बुनियादी ढांचे और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में समूह के रणनीतिक विस्तार ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है। इसके विपरीत, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रदर्शन में अस्थिरता और वैश्विक बाजार की परिस्थितियों के कारण मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस साल अब तक 16.9 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है।
वैश्विक स्तर पर, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क 656 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। उनके बाद गूगल के लैरी पेज (286 बिलियन डॉलर) और अमेज़न के जेफ बेजोस का स्थान आता है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि 2026 की शुरुआत में कई अरबपतियों के लिए आर्थिक नुकसान हुआ है। बर्नार्ड अरनॉल्ट ने इस वर्ष अब तक सर्वाधिक 44 बिलियन डॉलर की संपत्ति गंवाई है।









