
मुंबई। मुंबई से सटे पालघर जिले के शहापुर तहसील अंतर्गत सरलांबे गांव में समृद्धि एक्सप्रेस-वे के तीसरे चरण के निर्माण के दौरान गर्डर लांच करते समय हुई दुर्घटना में 20 लोगों की मौत हो गयी है, जिसमें सुपरवाइजर सहित बलिया जिले के 5 लोग शामिल है। इस घटना के बाद बलिया जिले में शोक की लहर फैल गयी है। जबकि इस दुर्घटना में गाजीपुर सहित उत्तर प्रदेश के 8 की मौत हुई है। राज्य सरकार ने मृतक के परिवारों को 5 लाख तथा केंद्र सरकार ने 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
गर्डर लांच करने में जिन मजदूरों को शामिल किया गया था उसमें उत्तर प्रदेश एवं बिहार एवं पश्चिम के शामिल थे। मरने वालों में सुपरवाइजर अरविंद कुमार उपाध्याय बलिया जिले के बलुआ नगरा के रहने वाले थे। इसी तरह नितिन सिंह रसड़ा क्षेत्र का रहने वाला था, जबकि इसी इलाके के देहरी कतवारी के रहने वाले ललन बुलेट राजभर की भी मौत हो गयी। जिले के गौर मदनपुरा नगरा निवासी आनंद कुमार एवं राधेश्याम यादव की भी मौत इस दुर्घटना में हुई है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मलहिया सैदपुर का रहने वाला विंच ऑपरेटर परमेश्वर खादेरुलाल यादव भी दुर्घटना का शिकार हो गया। उत्तर प्रदेश के रामशंकर यादव एवं सरोजकुमार को भी काल इस दुर्घटना स्थल पर खिंच कर लाया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद बलिया एवं गाजीपुर में लोग दुर्घटना को कोस रहे हैं। 22 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक परिवार का पेट भरने के लिए मुंबई आये हुए थे। बिहार के अरवल निवासी सुरेन्द्रकुमार एवं पप्पू कुमार भी स्लैब के नीचे आ कर दम तोड़ दिए।









