आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने 3 बच्चों को साड़ी से बांधकर तालाब में लगाई छलांग, दो मासूमों की मौत

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर तालाब में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्ची ने किसी तरह अपनी जान बचा ली।

दो बच्चों की मौत हो गई

घटना सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपने तीन बच्चों को लेकर तालाब के पास पहुंची और कथित तौर पर उन्हें साड़ी से बांधकर पानी में कूद गई। पानी में जाने के बाद दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बच्ची किसी तरह खुद को बचाने में सफल रही।

बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए वहां से निकलकर पैदल गांव की ओर रुख किया और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को भी तालाब से बाहर निकाल लिया।

महिला का इलाज जारी

हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान दो वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्ण के रूप में हुई है। वहीं महिला का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए महिला और परिजनों से पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button