बहराइच में बेटा बना कातिल, कुल्हाड़ी से काटकर मां की हत्या की; अच्छा खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है । यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र के पुरैना गांव की है, जहां बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर मां को मौत के घाट उतार दिया।

गुस्से में आकर मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 48 वर्षीय कन्या देवी का अपने बेटे छैलू वर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह मां द्वारा अच्छा खाना नहीं बनाना था। मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

मौके पर ही मौत हो गई

बता दे कि हमले में कन्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पूरे गांव में सनसनी फैल गई

पुलिस ने आरोपी बेटे छैलू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की अन्य वजहों का भी पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मामूली विवाद में बेटे द्वारा मां की हत्या किए जाने से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button