सांसदों की टूट की अफवाह पर भड़की सपा,कोतवाली पहुंचे आनंद भदौरिया और उत्कर्ष वर्मा

लखीमपुर खीरी: समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों में कथित टूट और दलबदल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों और चर्चाओं के खिलाफ पार्टी ने अब कानूनी रुख अख्तियार कर लिया है। लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता व राज्यसभा सांसद आनंद भदौरिया और खीरी लोकसभा सीट से सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा मधुर अचानक भारी लाव-लश्कर के साथ सदर कोतवाली पहुंचे। दोनों सांसदों ने सोशल मीडिया पर पार्टी को बदनाम करने और सांसदों के पाला बदलने की फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सपा नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सुनियोजित तरीके से चलाई जा रही इन चर्चाओं का कड़ा विरोध किया। कोतवाली परिसर में मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद आनंद भदौरिया ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा, “समाजवादी पार्टी के सभी 37 लोकसभा सांसद पूरी मजबूती से चट्टान की तरह अखिलेश यादव और पार्टी के साथ खड़े हैं। हमारी पार्टी में किसी भी तरह की कोई टूट नहीं है और जो खबरें चलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं।”

आनंद भदौरिया ने अफवाह उड़ाने वाले विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया हैंडल चलाने वालों पर तीखा तंज कसते हुए कहा, “ये कुछ ऐसे छुटभैये नेता हैं जो बिच्छू का मंत्र तक नहीं जानते, लेकिन सीधे सांप के बिल में हाथ डालने की हिमाकत कर रहे हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि सपा के आंतरिक लोकतंत्र और एकजुटता पर कीचड़ उछालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों सांसदों की मौजूदगी में कोतवाली पुलिस ने तहरीर ले ली है और अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वाले अकाउंट्स को चिन्हित कर आईटी एक्ट के तहत जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button