
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोल्हुई थाना क्षेत्र के रुद्रपुर शिवनाथ गांव में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग बुधिराम को लेकर एक अजीबोगरीब दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि हर तीन साल में नागपंचमी के मौके पर बुधिराम के शरीर में ‘महिषासुर’ का प्रवेश होता है।
रोडवेज विभाग से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारी बुधिराम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मवेशियों की तरह व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि महिषासुर का साया आते ही वे भैंसों की तरह नादे (चरही) में मुंह डालकर मवेशियों का चारा और भूसा चबाने लगते हैं।
इस रहस्यमयी घटना की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई है। बुधिराम का यह रूप देखने और इस अजीबोगरीब घटना के साक्षी बनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। जहां एक ओर ग्रामीण इसे आस्था और दैवीय शक्ति का चमत्कार मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे अंधविश्वास और मानसिक स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, यह अजीब मामला पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।









