बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार; बिजली तार चोरी गैंग का खुलासा

बहराइच: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नानपारा क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।

बिजली के तार चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे

पुलिस के मुताबिक, बदमाश बिजली के तार चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस टीम की उनसे मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान कदीर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मौके से पुलिस ने कदीर के साथियों कृष्णा, कुलदीप, हरेंद्र और उदयराज को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, 9 एमएम कारतूस और चोरी किए गए बिजली के तारों के बंडल बरामद किए हैं।

आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कितने समय से बिजली तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और इनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।मामला कोतवाली नानपारा क्षेत्र के हांडा बसेहरी का है। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button